राजपुरा पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 100 ग्राम हेरोइन सहित 2 तस्कर गिरफ्तार
Aug7,2026
| Sushil Kumar | Rajpura
राजपुरा, 7 अगस्त। (सुशील कुमार सिंधी)
राजपुरा पुलिस द्वारा शहर में अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा (आईपीएस) के दिशा-निर्देशों तथा डीएसपी राजपुरा मनजीत सिंह की निगरानी में थाना सिटी राजपुरा के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह सिद्धू और पुलिस चौकी फोकल प्वाइंट के इंचार्ज सहायक सब-इंस्पेक्टर सतनाम सिंह के नेतृत्व में पिछले 20 दिनों के दौरान कई बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया गया है।
थाना सिटी राजपुरा के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह सिद्धू ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 20 ग्राम हेरोइन, 200 नशीली गोलियां तथा 100 ग्राम हेरोइन बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इसके अलावा शहर में आवारागर्दी करने वाले 14 शरारती एवं असामाजिक तत्वों को भी गिरफ्तार कर एसडीएम राजपुरा की अदालत में पेश किया गया।
पुलिस चौकी फोकल प्वाइंट की टीम ने अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान रोशन कॉलोनी, पुराना राजपुरा निवासी लाखा राम पुत्र लाभ राम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की गई तथा थाना सिटी राजपुरा में मामला दर्ज किया गया। इसी प्रकार रोशन कॉलोनी निवासी हैदर अली पुत्र असलम खान के कब्जे से 200 नशीली गोलियां बरामद कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं रोशन कॉलोनी निवासी सलीम तथा उसकी पत्नी कोमल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी क्षेत्र के सक्रिय नशा तस्कर हैं और उनकी गिरफ्तारी से नशा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस चौकी फोकल प्वाइंट की टीम ने आवारागर्दी करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। इस संबंध में कलंदरे तैयार कर आरोपियों को एसडीएम राजपुरा की अदालत में पेश किया गया। इसके तहत 16 जुलाई को 2, 2 अगस्त को 8 तथा 3 अगस्त 2026 को 4 व्यक्तियों सहित कुल 14 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह सिद्धू ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के लिए साफ संदेश है कि या तो नशा छोड़ दें या फिर शहर छोड़ दें। उन्होंने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार का अपराध या नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे नशा कहां से लाते थे और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर नशा तस्करी की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
-rajpurapolice-punjabpolice-drugbust-heroinseized-100gramheroin-drugtraffickers-arrested-warondrugs-antidrugcampaign-punjabnews-crimenews-lawandorder-policeaction-drugfreepunjab-jagratilahar