राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 24 अगस्त। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 में सोना चांदी चमकाने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री नायब सैनी 26 अगस्त को अपनी सरकार का तोहफा देंगे। पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में सुबह 11 बजे आयोजित समारोह में तोहफा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देंगे।
इस बार कुल 24 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 11 पदक विजेता और 13 अन्य खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लिया था। सात स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 1.50-1.50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। दो रजत पदक विजेताओं को 75-75 लाख रुपये और दो कांस्य पदक विजेताओं को 50-50 लाख रुपये मिलेंगे। कुल मिलाकर 11 पदक विजेताओं को 11.25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले 13 अन्य खिलाड़ियों को भी 7.50-7.50 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। स्वर्ण पदक जीतने वालों में भिवानी के सचिन सिवाच, साक्षी चौधरी, प्रीति पंवार, प्रिया धनघस और जैस्मिन लंबोरिया, हिसार के अंकुश पंघाल और झज्जर की शर्मिला शामिल हैं।इनमें छह खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि शर्मिला ने शॉटपुट में स्वर्ण पदक हासिल किया। पानीपत के नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक और हिसार के नरेंद्र बेरवाल ने बॉक्सिंग में रजत पदक जीता। वहीं भिवानी की सीमा ने चक्का फेंक और भिवानी के यशवीर ने भाला फेंक में कांस्य पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। सरकार खिलाड़ियों को पुरस्कार देने के साथ-साथ बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और मजबूत खेल ढांचा देने पर भी काम कर रही है।
सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करें।