पंजाब में नशों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत राजपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सदर राजपुरा की पुलिस ने बाहरी राज्य से नशीली गोलियां लाकर यहां बेचने वाले एक व्यक्ति को काबू कर उसके पास से 8100 नशीली गोलियां (मार्का Lomotil) बरामद की हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर किरपाल सिंह, प्रभारी थाना सदर राजपुरा ने बताया कि एस.एस.पी. पटियाला वरुण शर्मा (आई.पी.एस.), एस.पी.डी. गुरवंत सिंह बैस और डी.एस.पी. मनजीत सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत नशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें बनाकर इलाके में नाकाबंदी की गई।
पुलिस टीम द्वारा ए.जी.एम. रिजॉर्ट के पास, गांव बसंतपुरा में बैरिकेड लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, जिसके कंधे पर भारी बैग था। शक के आधार पर उसे तुरंत काबू कर बैग की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैग से 8100 नशीली गोलियां बरामद हुईं। आरोपी की पहचान बेअंत सिंह पुत्र सिंगार सिंह निवासी गांव टोसा, जिला लुधियाना (वर्तमान निवासी इकबाल नगर, गोबिंदगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 25 दिनांक 13.04.2026 के तहत धारा 22/61/85 एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत थाना सदर राजपुरा में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशा बेचने और स्वयं सेवन करने का आदी है। उसने बताया कि ये गोलियां वह यू.पी. से खरीदकर लाया था और गोबिंदगढ़ की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों को बेचने की योजना थी, जबकि कुछ गोलियां खुद के उपयोग के लिए रखी गई थीं।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।