अब तक कुल नौ आरोपी गिरफ्तार, जिनमें एक आरोपी मुठभेड़ में ढेर
सेक्टर-79, सोहाना में 15 दिसंबर 2025 को कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ़ राणा बलाचौरिया पर गोली चलाकर की गई हत्या के मामले में मोहाली पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एस.ए.एस. नगर श्री हरमनदीप सिंह हांस ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विदेश में बैठे गैंगस्टर बलविंदर सिंह उर्फ़ डॉनी बल और अमरजीत सिंह उर्फ़ खब्बा के इशारों पर काम कर रहे तीन आरोपियों (दो शूटरों सहित) को हावड़ा रेलवे स्टेशन, कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक, पंजाब के निर्देशानुसार ए.जी.टी.एफ. और जिला पुलिस मोहाली की विशेष टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी विश्लेषण की सहायता से आरोपियों को ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया।
*गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:*
करन पाठक उर्फ़ करन डिफॉल्टर, पुत्र दिनेश पाठक, निवासी गली तेलियां वाली, निमाल मंडी, अमृतसर (मूल रूप से उत्तर प्रदेश से संबंध), आयु लगभग 23 वर्ष, आठवीं पास, अविवाहित। इसके विरुद्ध थाना डिवीजन-बी, अमृतसर में लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान सामने आया कि इसने आदित्य उर्फ़ मखन के साथ मिलकर राणा बलाचौरिया पर फायरिंग की।
तरनदीप सिंह, पुत्र जसविंदर सिंह, निवासी गांव बाड़ेवाल, थाना सराभा नगर, जिला लुधियाना, आयु लगभग 25 वर्ष, एम.ए. (समाजशास्त्र), अविवाहित। इसके विरुद्ध थाना एयरो सिटी, मोहाली में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वारदात के समय मोटरसाइकिल के साथ मौके पर मौजूद था तथा घटना के बाद शूटरों को फरार कराने में सहायता की।
सुखशेरपाल सिंह उर्फ़ आकाश उप्पल, पुत्र बख्शीश सिंह, निवासी गांव उप्पल, थाना वैरोवाल, जिला तरनतारन, आयु लगभग 22 वर्ष, बारहवीं पास, अविवाहित। जिला गुरदासपुर में जबरन वसूली के मामलों में वांछित है। जांच में सामने आया कि यह गैंगस्टर अमरजीत सिंह उर्फ़ खब्बा का मामा है और साजिश एवं रेकी में इसकी अहम भूमिका रही।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों डॉनी बल और अमर खब्बा के लिए शूटर के रूप में काम कर रहे थे तथा उनके कहने पर हत्या और फिरौती की वारदातों को अंजाम देते थे। राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश अक्टूबर 2025 में रची गई थी। अक्टूबर से वारदात तक आरोपी चंडीगढ़, कालका, ज़ीरकपुर और खरड़ के विभिन्न होटलों में ठहरते रहे।
*पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:*
अशदीप सिंह, पुत्र मनधीर सिंह, निवासी गांव नौशाहिरा पन्नूआं, थाना सरहाली, जिला तरनतारन।
हरपिंदर सिंह उर्फ़ मिड्डी, पुत्र जसपाल सिंह, निवासी गांव नौशाहिरा पन्नूआं, थाना सरहाली, जिला तरनतारन
(लालड़ू क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारा गया)।
जुगराज सिंह उर्फ़ जग्गा, पुत्र हरपिंदर सिंह, निवासी छापियांवाली, थाना ब्यास, जिला अमृतसर।
मनदीप सिंह उर्फ़ मोटा, पुत्र भगवंत सिंह, निवासी मकान नंबर 512, मीराकोट चौक, खैराबाद रोड, गुमटाला चौक, थाना कंबो, जिला अमृतसर।
देविंदर सिंह उर्फ़ टिंका, निवासी मकान नंबर 588, महादेव कॉलोनी, रामपुर सिउरी, थाना पिंजौर, जिला पंचकुला, हरियाणा। (कैब चालक, लॉजिस्टिक सहायता प्रदान करने वाला)। यह आरोपी नवंबर के अंत में अन्य आरोपियों के संपर्क में आया था। इसे घटना से संबंधित पूरी जानकारी थी। यह स्थानीय स्तर पर आरोपियों को हर प्रकार की सहायता करता था तथा विदेश से भेजी गई राशि भी इसके खाते में आती थी। वारदात के बाद यही आरोपी अन्य आरोपियों को गांव रायपुर कलां से सोनीपत, हरियाणा लेकर गया था।
गगनदीप सिंह उर्फ़ करन सोहल, पुत्र स्व. दलविंदर सिंह, निवासी मकान नंबर 33, वडाला कॉलोनी, जालंधर।
एस एस पी ने आगे बताया कि आदित्य कपूर उर्फ़ मखन तथा उसके कुछ सहयोगी अभी फरार हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा पुलिस रिमांड लिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि राणा बलाचौरिया पर पहले दो बार हमला करने की कोशिश की गई थी, लेकिन आरोपी सफल नहीं हो सके।