श्री चमकौर साहिब में यात्रा के आगाज के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने, टकराव रोकने के लिए पुलिस ने बनाई सुरक्षा घेराबंदी
श्री चमकौर साहिब। पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा शुरू की गई ‘जवानी संभाल यात्रा’ के दौरान राजनीतिक विरोध भी देखने को मिला। गुरुद्वारा श्री कत्लगढ़ साहिब में माथा टेककर यात्रा की शुरुआत करने के बाद जहां कांग्रेस समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया, वहीं आम आदमी पार्टी के नेता जसवीर सिंह गढ़ी ने अपने समर्थकों के साथ यात्रा का विरोध किया और काले झंडे दिखाए।
यात्रा के आगाज के मौके पर दोनों पक्षों के समर्थकों की मौजूदगी के चलते माहौल तनावपूर्ण होने की आशंका बन गई। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए। पुलिसकर्मियों ने दोनों समूहों के बीच सुरक्षा घेरा और चेन बनाकर दूरी बनाए रखी, ताकि आमने-सामने आने की स्थिति में किसी प्रकार का टकराव न हो।
पुलिस प्रशासन रहा सतर्क
मौके पर तैनात पुलिस बल ने दोनों पक्षों को अलग-अलग रखा और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। पुलिस की व्यवस्था के चलते किसी संभावित टकराव को रोकने के प्रयास किए गए।
युवाओं से जुड़े मुद्दों पर निकाली जा रही यात्रा
चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से शुरू की गई इस यात्रा का उद्देश्य पंजाब के युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना और नशे सहित अन्य सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता पैदा करना बताया गया है। यात्रा को लेकर अब राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी और विरोध भी चर्चा का विषय बन गया है।