शेरपुर बातियां में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक, जनसंपर्क बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने का आह्वान
होशियारपुर (तरसेम दीवाना) — पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा ने ‘बूथ मजबूत, कांग्रेस मजबूत’ अभियान के तहत गांव शेरपुर बातियां में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए सुंदर शाम अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से सक्रिय होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की संगठनात्मक ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को लोगों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि ‘बूथ मजबूत, कांग्रेस मजबूत’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बूथ पर पार्टी के संगठन को सशक्त बनाना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि कार्यकर्ता नियमित रूप से जनता के संपर्क में रहें और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को सुनना, उनके समाधान के लिए आवाज उठाना और जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना राजनीतिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन में एकता, अनुशासन और आपसी समन्वय बनाए रखते हुए गांवों तथा बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को तेज करने पर बल दिया।
बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक तैयारियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और जनसंपर्क अभियान को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
इस मौके पर सुरजीत सिंह, अवतार सिंह, गुरमेल सिंह, सुखविंदर सिंह, अमरजीत नंबरदार, सतविंदर सिंह, बलकार सिंह, शेर सिंह, गुरमीत सिंह, डॉ. कुलदीप सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष), चरणजीत कौर (ब्लॉक समिति सदस्य), शरणजीत कौर सोनू, कुलदीप अरोड़ा, बलविंदर भट्टी, हरबिलास बाबा जी और विश्वनाथ सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।