लुधियाना,(विशाल ):-— बीते दिनों कांग्रेस पार्टी के पार्षद पति एवं ब्लॉक कांग्रेस प्रधान इंदरजीत सिंह इंदी पर राजनीतिक दबाव के तहत दोबारा केस दर्ज किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए पार्षद महाराज सिंह राजी,सन्नी भल्ला,पंकज काका,दारा बब्बर, दिलराज सिंह,पूनम मल्होत्रा और अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र पश्चिम के सभी कांग्रेसी पार्षदों का मुख्य एजेंडा हमेशा विकास रहा है और आगे भी रहेगा।उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी विकास के नाम पर राजनीति को प्राथमिकता नहीं दी, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्थानीय निकाय मंत्री संजीव अरोड़ा, जो इसी विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं, कथित तौर पर कांग्रेसियों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करवाने में लगे हुए हैं।कांग्रेसी नेताओं ने मंत्री को सलाह देते हुए कहा कि क्षेत्र के मतदाताओं ने उन्हें राजनीतिक मामलों के तमाशे देखने के लिए नहीं चुना है, बल्कि विकास कार्यों के लिए चुना है। इसलिए सरकार के बचे हुए समय का सही उपयोग करते हुए विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद विधानसभा क्षेत्र पश्चिम में विकास कार्यों में ठहराव आ गया है, जबकि भारत भूषण आशु के मंत्री रहने के दौरान क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हुआ था।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि नए विकास कार्य नहीं करवा सकते, तो कम से कम पहले किए गए विकास कार्यों जैसे सीवरेज, पुलों और सड़कों का रखरखाव ही सुनिश्चित किया जाए।अंत में उन्होंने आरोप लगाया कि नए विकास के लिए फोकस की जरूरत होती है, लेकिन मंत्री का ध्यान कांग्रेस नेताओं पर मामले दर्ज करवाने में ज्यादा लगा हुआ है। उन्होंने सलाह दी कि राजनीतिक लड़ाई को व्यक्तिगत न बनाया जाए, क्योंकि सरकार के पास अब केवल कुछ महीने ही बचे हैं।