2014 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने पटियाला के डिप्टी कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभाला
Apr11,2026
| Sushil Kumar | Patiala
-मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाना होगी प्राथमिकता – डॉ. अग्रवाल
-लोगों की नब्ज पहचानकर उनके दुख-दर्द दूर करना रहेगा मुख्य लक्ष्य – डॉ. हिमांशु अग्रवाल
-प्रशासनिक सुधार, बुनियादी ढांचे का विकास, ट्रैफिक, स्वच्छता, युवा व महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, शिक्षा व स्वास्थ्य होंगे प्रमुख एजेंडे
-पहले ही दिन जिला प्रशासनिक परिसर का दौरा कर डीसी कार्यालय आए लोगों से उनके मुद्दों पर की बातचीत
पटियाला, 10 अप्रैल:(सुशील कुमार सिंधी) 2014 बैच के युवा आईएएस अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज पटियाला के नए डिप्टी कमिश्नर के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी।
डॉ. अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि जिले में प्रशासनिक सुधारों के साथ-साथ बुनियादी ढांचे का विकास, स्वच्छता और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार, युवा व महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए व्यक्तिगत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की नब्ज पहचानकर उनके दुख-दर्द दूर करना उनकी प्राथमिकता है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत ‘नशा मुक्त पंजाब’ और ‘रंगला पंजाब’ के सपने को साकार करना, साथ ही मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना और ‘मावा धियां सम्मान योजना’ का लाभ घर-घर तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरकारी सेवाएं पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जनकल्याण के लिए शहर की सामाजिक संस्थाओं का सहयोग रेड क्रॉस के माध्यम से लिया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर का पद संभालने से पहले उन्होंने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब और माता श्री काली देवी मंदिर में मत्था टेककर जिले की खुशहाली, प्रगति और समृद्धि के लिए अरदास की। इस मौके पर एसजीपीसी सदस्य सुरजीत सिंह गढ़ी, गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी प्रणाम सिंह और मैनेजर भाग सिंह ने उन्हें सिरोपा भेंट किया, जबकि माता श्री काली देवी मंदिर में पुजारियों ने उन्हें माता की चुनरी और प्रसाद भेंट किया।
उल्लेखनीय है कि 2014 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने यूपीएससी में 28वीं रैंक हासिल की थी और उन्होंने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की है। इससे पहले वे जालंधर, फाजिल्का और गुरदासपुर में डिप्टी कमिश्नर, मोहाली और अमृतसर में एडीसी तथा होशियारपुर में एसडीएम के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
डॉ. अग्रवाल ने वर्ष 2001 में फिरोजपुर जिले से आठवीं कक्षा में 97 प्रतिशत अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया था और तभी से उन्होंने डिप्टी कमिश्नर बनने का सपना देखा था।
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी से गोल्ड मेडल प्राप्त डॉ. अग्रवाल को राष्ट्रीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें दो बार सर्वश्रेष्ठ जिला चुनाव अधिकारी के रूप में सम्मान मिला है और ‘इन्वेस्ट पंजाब’ में भी राज्य पुरस्कार से नवाजा गया है।डॉ. हिमांशु अग्रवाल को पिछले साल भारत-पाक युद्ध के दौरान उनकी शानदार सेवाओं के लिए चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ ने खास तौर पर सम्मानित किया था।
आज कार्यभार संभालने के समय उनके साथ उनकी माता श्रीमती शकुंतला अग्रवाल, पिता श्री सुरिंदर अग्रवाल और पुत्री ईशा अग्रवाल भी उपस्थित थे। उनकी पत्नी कोमल मित्तल, जो स्वयं 2014 बैच की आईएएस अधिकारी हैं, वर्तमान में मोहाली (साहिबजादा अजीत सिंह नगर) में डिप्टी कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं।
इस अवसर पर एडीसी दमनजीत सिंह मान और सिमरप्रीत कौर, एसपी पलविंदर सिंह चीमा, एसडीएम नमन मारकन, रिचा गोयल, काला राम कांसल, हरजोत कौर मावी, एपीएस सोमल, गुरदेव सिंह तथा जिला राजस्व अधिकारी हरसिमरन सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए डिप्टी कमिश्नर का फूलों के गुलदस्तों के साथ स्वागत किया।
डॉ. अग्रवाल ने जिला अधिकारियों के साथ एक संक्षिप्त बैठक कर महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की और जिला प्रशासनिक परिसर का दौरा करते हुए वहां आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
जिला प्रशासनिक परिसर पहुंचने पर पटियाला पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया।
फोटो कैप्शन: पटियाला के नए डिप्टी कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभालते हुए 2014 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल।
Dr-Himanshu-Aggarwal-2014-Batch-Ias-Officer-Takes-Charge-As-Deputy-Commissioner-Patiala