शंभू रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने किया दौरा, सुरक्षा बढ़ाने के दिए निर्देश
Apr29,2026
| Sushil Kumar | Rajpura
रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए लाइव CCTV कैमरे, सोलर कैमरे और ड्रोन की ली जाएगी मदद : रवनीत बिट्टू
राजपुरा, 29 अप्रैल (सुशील कुमार सिंधी): राजपुरा के शंभू रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट मामले के बाद केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी, पंजाब पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि यह घटना बेहद गंभीर है और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की कोशिश किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि रेलवे की लोहे की पटरी तक क्षतिग्रस्त हो गई तथा सीमेंट के स्लीपर भी टूट गए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए रेल आवाजाही रोक दी गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे के सुरक्षा कर्मियों एवं अधिकारियों की सराहना करते हुए बिट्टू ने कहा कि उनकी सतर्कता के कारण यात्रियों की जान बच सकी।
मंत्री ने कहा कि पंजाब में रेलवे ट्रैक एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी। इसके लिए 24 घंटे पेट्रोलिंग, सोलर कैमरे, लाइव CCTV कैमरे तथा रात्रि के समय ड्रोन निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि देश विरोधी ताकतों और आतंकवादी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों को दें।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच विभिन्न एजेंसियों द्वारा की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Ravneet-Bittu-Visit-Shambhu-Rail-Track-Site