राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 12 नवंबर। हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का लाइसेंस निजी कंपनी इलेवन पावर को देने के हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के फैसले के खिलाफ दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने आयोग के समक्ष ही समीक्षा याचिका दायर की है। निगम ने इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को जारी लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। निगम ने 19 अक्टूबर को लाइसेंस देने के फैसले पर दोबारा विचार करने और लाइसेंस पूरी तरह रद्द करने की मांग की है। आयोग ने याचिका स्वीकार कर ली है। इस पर दिसंबर में सुनवाई होने की संभावना है।
अब इलेवन पावर की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। पहले राज्य सरकार ने अपने निर्देशों के जरिए प्रदेश में समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस को लागू करने पर रोक लगाई थी। अब दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने लाइसेंस देने के आयोग के मूल फैसले को ही चुनौती दे दी है। इससे कंपनी के लिए गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का काम शुरू करने का रास्ता और मुश्किल हो गया है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बिजली अधिनियम-2003 की धारा 94(1)(एफ) के तहत समीक्षा याचिका दाखिल की है। इस धारा के तहत नियामक आयोग को अपने पुराने फैसले पर दोबारा विचार करने का अधिकार है। निगम ने इसी प्रावधान के तहत आयोग से इलेवन पावर को जारी लाइसेंस का फैसला वापस लेने और लाइसेंस पूरी तरह रद्द करने की मांग की है।
आयोग ने 19 अक्टूबर को इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का लाइसेंस जारी किया था। कंपनी ने 21 अक्टूबर को लाइसेंस की शर्तें स्वीकार करने की सहमति दी थी। इसके बाद 23 अक्टूबर को आयोग को बताया था कि वह काम शुरू करने के लिए जरूरी कानूनी और अन्य प्रक्रियाएं पूरी कर रही है।
लाइसेंस जारी होने के बाद प्रदेश के बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। कर्मचारी संगठनों ने इसे बिजली वितरण निगमों के भविष्य से जुड़ा मामला बताते हुए विरोध प्रदर्शन किए थे। इसी बीच कंपनी ने आयोग से मांग की थी कि लाइसेंस से जुड़ी किसी भी आपत्ति या मामले की सुनवाई से पहले उसे सूचना दी जाए और अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाए। हालांकि आयोग ने 28 अक्टूबर को कंपनी की यह मांग खारिज कर दी थी।
विवाद बढ़ने के बाद राज्य सरकार ने 26 अक्टूबर को मुख्यमंत्री की मंजूरी से बिजली अधिनियम की धारा 108(1) के तहत आयोग को लिखित निर्देश जारी किए थे। सरकार ने प्रदेश में किसी भी समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस को लागू करने या उसके तहत काम शुरू करने से रोकने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद आयोग ने स्पष्ट किया था कि जब तक सरकार के निर्देश लागू रहेंगे, तब तक इस मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। आयोग ने कहा था कि जनहित से जुड़े नीतिगत मामलों में राज्य सरकार के निर्देशों का पालन किया जाएगा।
इलेवन पावर को लाइसेंस देने की प्रक्रिया के दौरान दक्षिण हरियाणा बिजली निगम और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने कंपनी की आर्थिक स्थिति, पूंजी की उपलब्धता, तकनीकी क्षमता और पूरे क्षेत्र में बिजली वितरण शुरू करने की तैयारी पर सवाल उठाए थे। अब दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की समीक्षा याचिका के बाद आयोग को लाइसेंस जारी करने के अपने पुराने फैसले पर दोबारा विचार करना होगा।