राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 12अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में नशे का संकट बेकाबू होने का दावा करते हुए भाजपा के सत्ता में आने पर नशा मुक्त करने का दावा कर रहे है लेकिन उन्होंने हरियाणा की ओर देखना बंद कर दिया है। हरियाणा और खासकर दक्षिण हरियाणा में लगातार नशीली वस्तुएं बरामद की जा रही है। तभी हरियाणा की फरीदाबाद जिला पुलिस ने एम डी एम ए ड्रग्स तस्करी से जुड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस की टीम ने दक्षिण अफ्रीकी नागरिक सहित तीन लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में 126.96 ग्राम एम डी एम ए नशा बरामद किया है। जिसकी बाजार में 13 लाख रूपए कीमत बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से अफ्रीकन नागरिक को 5 दिन के रिमांड पर लिया गया, जबकि 2 को जेल भेज दिया गया है।
इससे पहले 15-16 सितंबर की रात को क्राइम ब्रांच और नारकोटिक्स कंट्रोल कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने लकड़पुर के शिव दुर्गा विहार में मकान नंबर 16 की दूसरी मंजिल पर छापा मारकर 15 करोड रूपए के ड्रग्स कोकीन सहित दूसरा नशा बरामद किया था। इसमें भी दक्षिण अफ्रीका के तीन लोगो को गिरफ्तार किया गया था। ये सभी लोग वीजा खत्म होने के बाद अवैध रूप से रह रहे थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 7 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच बदरपुर बार्डर की टीम ने गांव दयालपुर के रहने वाले संगम को गिरफ्तार किया था। जिसके पास से पुलिस ने उसके कब्जे से 126.96 ग्राम एम डी एम ए बरामद किया था। थाना सूरजकुंड में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी नोएडा में रह रहे दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा से एम डी एम ए खरीदकर लाया था। संगम एम डी एम एबकी छोटी-छोटी पूडिया बनाकर मोटे मुनाफे पर बेचता था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा व विनित को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में यह भी पता चला कि नोएडा निवासी विनित ने संगम से करीब 4 ग्राम एम डी एम ए बेचने के लिए खरीदा था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए विनित को भी 11 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दक्षिण अफ्रीका निवासी ओडेकामरा वर्ष 2019 में स्टडी वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा वर्ष 2023 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद वह नोएडा में अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस अब आरोपी से एम डी एम ए की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
उन्होंने बताया कि संगम और विनित को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा को आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण हरियाणा में अफ्रीकी नागरिकों के वीसा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से बने रहने और ड्रग तस्करी करने के मामले पहले भी पकड़े जाते रहे है लेकिन पुलिस इस तस्करी को पूरी तरह नहीं रोक पाई।इसके विपरीत मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब को नशा मुक्त करने का वायदा कर रहे है।