राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़,28सितंबर। हरियाणा में सरकार द्वारा ठेके पर बनवाई गई प्रॉपर्टी आईडी में हुई गलतियों को ठीक करवाने के लिए आम लोगों को रिश्वत देनी पड़ रही है। विपक्ष के इन आरोपों को सत्ता पक्ष भाजपा ने लगातार नकारा है लेकिन अब करनाल में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने इस आरोप को सच साबित करते हुए नगर निगम के क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। क्लर्क गौरव ने प्रॉपर्टी आईडी में नाम ठीक करने के लिए 5 हजार रुपए की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी। टीम ने जाल बिछाकर शिकायकर्ता को पैसे देकर क्लर्क के पास भेज दिया। मंगलवार सुबह जैसे ही क्लर्क को रुपए दिए, टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया। उसके हाथों पर पाउडर भी लगा मिला है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी को पहले नगर निगम ऑफिस ले जाया गया। यहां से उसे एसीबी कार्यालय लाए। अभी पूरे मामले की जांच की जा रही है।
करनाल निवासी कुलदीप अपनी प्रॉपर्टी आईडी में हुई गलती ठीक कराने के लिए नगर निगम पहुंचे थे। आरोप है कि क्लर्क गौरव राणा ने काम ठीक करने के बदले उससे 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इसके बाद कुलदीप ने मामले की शिकायत एसीबी को कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। टीम ने रिश्वत के लिए दिए जाने वाले नोटों पर कैमिकल पाउडर लगाया और उनके नंबर नोट किए। इसके बाद कुलदीप को वही नोट देकर आरोपी के पास भेजा गया।गौरव राणा ने कुलदीप को रुपए देने के लिए करनाल के पुराने बस स्टैंड पर बुलाया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे कुलदीप वहां पहुंचा और गौरव को 5 हजार रुपए दिए। रुपए लेते ही एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी टीम आरोपी को पहले नगर निगम कार्यालय लेकर गई। इसके बाद उसे एसीबी कार्यालय ले जाया गया। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।आरोपी क्लर्क ने पूरा प्लान बनाकर शिकायतकर्ता कुलदीप को बस स्टैंड पर रिश्वत के पैसे देने के लिए बुलाया था। नगर निगम के ऑफिस में उसे एसीबी की रेड का डर था। वहां कई जगह कैमरे भी लगे हुए हैं, इसीलिए उसने बस स्टैंड को सेफ जगह मानकर कुलदीप से यहीं मिलने की योजना बनाई। जांच में यह भी सामने आया है कि कुलदीप करीब एक सप्ताह से नाम ठीक कराने के लिए नगर निगम के ऑफिस आ रहा था। कल उसकी मुलाकात क्लर्क गौरव से हुई, गौरव ने उससे रिश्वत मांग ली।
एसीबी के डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित ने मामले को लेकर शिकायत दी थी। आरोपी क्लर्क मूल रूप से कैथल का रहने वाला है। उसने पीड़ित को कॉल कर सुबह 9 बजे बस स्टैंड पर बुलाया था।पीड़ित की सूचना पर एसीबी की टीम भी वहां पहुंच गई। पैसे लेते ही आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। अभी आरोपी से पूछताछ की जा रही है।