लुधियाना 21 जुलाई (पारस दानिया) : लुधियाना कमिश्नरेट की स्पेशल सेल को नशे के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है। स्पेशल सेल ने 28 ग्राम आइस ड्रग और एक अवैध पिस्टल के साथ 3 युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को यह कामयाबी सीपी लुधियाना आईपीएस स्वपन शर्मा के निर्देशों पर नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के अंतर्गत मिली है। बीते कल यानी 20 जुलाई को स्पेशल सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल के नेतृत्व में एएसआई करनजीत सिंह सहित पुलिस पार्टी थाना दुगरी इलाके में गश्त कर रही थी। पुलिस टीम जब फ्लैट नंबर 4270, फेस-2, दुगरी फ्लैट्स के सामने खाली जगह पर पहुंची तो 3 युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखे। शक के आधार पर उन्हें काबू कर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों से 28 ग्राम आइस (एम्फेटामाइन) और 1 अवैध पिस्टल 32 बोर के साथ 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपियों में विशालप्रीत सिंह पुत्र कुलविंदर सिंह, निवासी गांव महल खुर्द, बरनाला, दूसरा हरप्रीत सिंह पुत्र राजिंदर सिंह, निवासी गांव कल्याण, अहमदगढ़ मंडी, जिला मलेरकोटला और तीसरे की पहचान दलजीत सिंह पुत्र लखवीर सिंह, निवासी गांव फुल्लांवाल के रूप में है। इंस्पेक्टर देहल ने बताया तीनों की उम्र 25 से 30 साल के बीच है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि तीनों आपस में मिलकर दुगरी फ्लैट्स में नशा करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना दुगरी में FIR नंबर 143, धारा 21-B, 61-85 NDPS Act और धारा 25, 54, 59 Arms Act के मामला तहत दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह देहल ने बताया कि आरोपियों को आज अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान सख्ती से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अब यह पता लगाएगी कि आरोपी नशा कहां से लाते थे और कहां बेचते थे। साथ ही उनके पास से मिला हथियार किस मकसद से रखा गया था इसकी भी जांच की जाएगी। आरोपियों का क्रिमिनल रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।