पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी
मृतक के शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया
*लुधियाना, 27 मई (पारस दानिया): थाना डिवीजन नंबर छह के इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शराब के नशे में बेसुध पड़े एक अज्ञात व्यक्ति को दो शराबियों ने पत्थर से सिर और मुंह पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को वीरान प्लॉट में फेंककर दोनों आरोपी फरार हो गए।
*क्या है पूरा मामला*
यहां प्राप्त जानकारी में बता दें कि 26 मई 2026 को पुलिस चौंकी शेरपुर के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रजिंदरपाल पुलिस पार्टी के साथ शेरपुर चौक लुधियाना में गश्त पर थे। तभी थाना डिवीजन नंबर 6 से मुख्य मुंशी का फोन आया कि NPC ट्रांसपोर्ट के पास खाली प्लॉट में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है।
मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि मृतक ने शेरपुर चौक स्थित देशी-अंग्रेजी शराब के ठेके से ज्यादा शराब पी रखी थी और नशे की हालत में ठेके के पास खाली प्लॉट में बैठा था। इसी दौरान संदीप श्रीवास्तव और इशाक अली, जो शराब पीने के आदी हैं, ठेके से शराब लेकर वहां पहुंचे। दोनों ने अज्ञात व्यक्ति को सहारा देने के बहाने उसकी बांह पकड़ी और NPC ट्रांसपोर्ट के पास खाली प्लॉट में ले गए। वहां दोनों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और मुंह व सिर पर बार-बार पत्थर से वार किए। बेहोशी की हालत में उसे वहीं फेंककर मौके से भाग गए। गंभीर घायल होने से उसकी मौत हो गई।
संबंधित जानकारी देते शेरपुर चौंकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रजिंदर पाल ने बताया कि SHO डिवीजन 6 के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 131, धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान
1. संदीप श्रीवास्तव पुत्र रघुनंदन श्रीवास्तव, निवासी गांव इस्नापुर, जिला हरदोई, थाना सुरसा, लखनऊ, उत्तर प्रदेश
2. इशाक अली पुत्र हैदर अली, निवासी गांव रामपुर गुड़वा, जिला बहराइच, थाना रामगांव, गिमरवा चौकी, उत्तर प्रदेश के रूप में है। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, जिसके कारण शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस नामजद दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।