लुधियाना 14 अप्रैल (पारस दानिया)। लुधियाना में आज वैसाखी के पावन पर्व वाले दिन धार्मिक स्थल पर एक दुखद हादसा घटित हो गया। आत्म पार्क के क्षेत्र में आते दुगरी रोड़ पर स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, करतार नगर में वैसाखी पर्व के अवसर पर निशान साहिब का चोला बदलने की सेवा निभा रहे एक सेवादार की गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मनिंदर सिंह उर्फ मिंदू के रूप में है। यहां जानकारी एक अनुसार बता दें कि मंगलवार सुबह निशान साहिब का चोला बदलने की सेवा के दौरान क्रेन की तार टूट गई जिससे 60 फीट की ऊंचाई से गिरकर सेवादार मनिंदर की जान चली गई। मनिंदर सिंह बैसाखी पर नया चोला चढ़ाने के लिए गया था। क्योंकि मनिंदर पिछले 12-13 वर्षों से गुरुद्वारा साहिब में निशान साहिब की सेवा कर रहे थे। हर संक्रांति और बैसाखी पर वे श्रद्धा के साथ चोला बदलने की सेवा में हिस्सा लेते थे। मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे वे निशान साहिब पर नया चोला चढ़ाने के लिए गए थे। सफलतापूर्वक 80 फीट की ऊंचाई पर जाकर निशान साहिब बदल दिया था। इसके बाद मनिंदर जैसे ही गांठ बांधकर वापिस नीचे आने के लिए तैयार हुआ तभी जिस क्रेन के सहारे वे ऊपर गया था, उसकी लोहे की तार अचानक टूट गई। जिसके बाद मनिंदर सिंह सीधे फर्श पर आ गिरा। जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस संबंध में आत्म पार्क चौंकी इंचार्ज एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि मृतक पिछले कई वर्षों से गुरुद्वारा साहिब में निशान साहिब की सेवा करता था। मृतक के भाई के अनुसार दोनों फैक्ट्री में कारोबार करते थे। मृतक का एक 11 वर्षीय बच्चा भी है। आगे की कार्रवाई में मृतक की डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। सुबह मनिंदर के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और आगे की बनती कार्रवाई की जाएगी।