राजपुरा के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ट्रेडर्स कमीशन की बैठक
Jun13,2026
| Sushil Kumar | Rajpura
पंजाब ट्रेड कमीशन व्यापारियों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए वचनबद्ध : गुरप्रीत सिंह धमोली
- व्यापारियों से मिलने जल्द पहुंचेंगे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान : धमोली
- व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध : एसडीएम
राजपुरा, 13 जून (सुशील कुमार सिंधी)।
राजपुरा शहर के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुद्वारा सिंह सभा रोड मार्केट में ट्रेडर्स कमीशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पंजाब ट्रेड कमीशन, हल्का राजपुरा के चेयरमैन टिंकू बंसल ने की। इस अवसर पर एसडीएम राजपुरा सुखजिंदर सिंह टिवाना तथा पंजाब ट्रेड कमीशन पटियाला के वाइस चेयरमैन गुरप्रीत सिंह धमोली विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में ट्रेडर्स कमीशन के सदस्यों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा व्यापारी समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
चेयरमैन गुरप्रीत सिंह धमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार व्यापारियों के कल्याण के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विधानसभा क्षेत्र स्तर पर ट्रेडर्स कमीशन का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि कमीशन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान करना है, ताकि व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुचारू बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा उठाई जाने वाली प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित विभागों के सहयोग से उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे ट्रेडर्स कमीशन से संपर्क करें, ताकि उनकी मांगों का तुरंत निपटारा किया जा सके।
इस दौरान एसडीएम सुखजिंदर सिंह टिवाना ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कमीशन के साथ मिलकर प्रत्येक मुद्दे का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह धमोली ने बताया कि पटियाला जिले के व्यापारियों से मिलने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जल्द ही क्षेत्र का दौरा करेंगे।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, नई बन रही अनधिकृत कॉलोनियों तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं सहित कई मुद्दे उठाए। अधिकारियों ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को लिखित रूप में सरकार तक पहुंचाने के लिए निर्धारित फार्म भी भरे।
इस अवसर पर कमीशन के सदस्य एवं हल्का राजपुरा के चेयरमैन टिंकू बंसल, ईटीओ अमनदीप सिंह नंदा, मनीष शर्मा, मुकेश गुप्ता, कीरत सिंह सेहरा, सुमित बख्शी, जसवीर सिंह चीमा, रणधीर सिंह सरपंच, मनीष सूद, पंकज लूथरा, सतीश कुमार कालड़ा (सीमेंट स्टोर), मनीष कुमार (हनी आइसक्रीम), कुलदीप कुमार, कमल, कार्तिक, दिनेश सहित विभिन्न अधिकारी एवं राजपुरा के व्यापारी उपस्थित रहे।
Punjab-Trders-Commission-Meeting-Rajura