मंडियों में किसानों की समस्याओं पर परगट सिंह ने जताई चिंता
Oct12,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
धान की खरीद और उचित प्रबंधों को लेकर सरकार से ध्यान देने की अपील
चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (जागृति लहर ब्यूरो)। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान एवं विधायक परगट सिंह ने बारिश और मंडियों में धान की फसल के प्रबंधों को लेकर किसानों को आ रही परेशानियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल की सुरक्षा, खरीद, उठान और समय पर भुगतान जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए मंडियों में उचित इंतजाम जरूरी हैं।
परगट सिंह ने कहा कि किसान महीनों की मेहनत के बाद अपनी फसल मंडियों में लेकर आते हैं। ऐसे में मौसम की मार से बचाव और खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने पंजाब सरकार से मंडियों में जरूरी सुविधाओं पर ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने पंजाब कांग्रेस के जिला प्रधानों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों की मंडियों में जाकर किसानों की समस्याएं सुनने और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर समाधान के प्रयास करने को कहा।
परगट सिंह ने कहा कि किसान मंडियों में किसी भी परेशानी के बारे में उन्हें जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वह स्वयं मंडी पहुंचकर किसानों की समस्याओं को समझेंगे और उनके समाधान के लिए आवाज उठाएंगे।
-pargatsingh-punjabcongress-paddyprocurement-farmersissues-punjabnews