अगली अकाली-भाजपा सरकार उद्योगों को 5 रुपये प्रति यूनिट बिजली देने के लिए बनाएगी सोलर पार्क: सुखबीर सिंह बादल
Nov26,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Jagraon
व्यापारियों को 10 लाख रुपये का मेडिकल व फायर कवर और 15 लाख रुपये का जीवन बीमा देने का ऐलान
जगराओं और खन्ना में व्यापारियों एवं उद्योगपतियों से की मुलाकात, उद्योगों की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
जगराओं/खन्ना, 26 नवंबर: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आगामी अकाली-भाजपा सरकार उद्योगों को सस्ती बिजली उपलब्ध करवाने के लिए उद्योगपतियों के सहयोग से सोलर पार्क स्थापित करेगी। इसके साथ ही नई औद्योगिक इकाइयों को अपना स्टेट जीएसटी अपने पास रखने की सुविधा दी जाएगी।
जगराओं और खन्ना में व्यापारियों एवं उद्योगपतियों से मुलाकात के दौरान सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अकाली दल उद्योग जगत की लंबित समस्याओं का समाधान करने और व्यापारियों को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि उद्योगों को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली दी जाएगी और छोटी दुकानों के लिए राहत योजना दोबारा शुरू की जाएगी। इसके तहत छोटे दुकानदारों को सालाना 1,000 रुपये देकर हिसाब-किताब की पुस्तकों के झंझट से राहत मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों को 10 लाख रुपये का मेडिकल एवं फायर कवर तथा 15 लाख रुपये का जीवन बीमा देने का भी ऐलान किया।
दोनों कार्यक्रमों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी बड़ी संख्या में शिरकत की। उन्होंने कहा कि पंजाब के औद्योगिक क्षेत्र को दोबारा मजबूत करने और विकास को गति देने के लिए सुखबीर सिंह बादल जैसे नेतृत्व की जरूरत है।
स्टील रोलिंग मिल्स के विनोद वशिष्ट के सवाल पर सुखबीर बादल ने कहा कि उद्योगों की बिजली जरूरतों के अनुसार सोलर पार्क स्थापित किए जाएंगे, जिनमें उद्योगपति भी निवेश कर सकेंगे। पहले चार वर्षों तक उन्हें रियायती दरों पर बिजली दी जाएगी और इसके बाद बिजली पूरी तरह मुफ्त करने की व्यवस्था होगी। उन्होंने स्टील रोलिंग उद्योग को मल्टी-फ्यूल इस्तेमाल की अनुमति देने का भी भरोसा दिया।
जगराओं कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के दीदार सिंह के सवाल पर उन्होंने कहा कि आलू की अधिक पैदावार होने पर किसानों और कोल्ड स्टोरेज उद्योग को राहत देने के लिए आटा-दाल योजना के तहत आलू वितरित किए जाएंगे। कोल्ड स्टोरेज पर फिक्स बिजली दरें लागू न करने की मांग पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने एग्रो-प्रोसेसिंग उद्योग पर कोई टैक्स न लगाने की घोषणा भी की।
प्रॉपर्टी डीलर टोनी वर्मा को आश्वासन देते हुए बादल ने कहा कि प्रॉपर्टी डीलरों और खरीदारों के अधिकारों की रक्षा की जाएगी। प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त के लिए एनओसी की अनिवार्यता समाप्त की जाएगी और अनियमित कॉलोनियों को मौजूदा स्थिति के आधार पर नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसीलदार के साथ सीधे संपर्क की जरूरत खत्म करने के लिए फेसलेस रजिस्ट्री व्यवस्था शुरू होगी। रजिस्ट्री और इंतकाल एक साथ किए जाएंगे।
आढ़ती एसोसिएशन के राजिंदर शर्मा की 2.5 प्रतिशत कमीशन की मांग पर विचार करने का भरोसा दिया। फ्लोर मिल्स एसोसिएशन के नरेश घई को स्थानीय स्तर पर गेहूं उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। कपड़ा व्यापारियों की रेडीमेड कपड़ों पर 18 प्रतिशत जीएसटी हटाने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष उठाने की बात कही।
ईंट भट्ठा एसोसिएशन के हरमिंदर सिंह को आश्वासन दिया कि भट्ठा मालिकों को ईंधन के रूप में पेलेट इस्तेमाल करने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। राइस मिलर्स एसोसिएशन को 31 मार्च तक गोदाम खाली करवाने के लिए उचित कदम उठाने का भरोसा दिया। दाल मिल एसोसिएशन के कल्पनिक बंसल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में दालों की खरीद और मिलिंग को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए ‘ग्रो इन पंजाब’ अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।
ज्वेलर्स को आश्वासन देते हुए बादल ने कहा कि पुलिस को उन्हें परेशान करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। चोरी के गहनों की खरीद से संबंधित किसी पुलिस मामले में ज्वेलर्स एसोसिएशन को भी शामिल किया जाएगा।
जगराओं में आयोजित कार्यक्रम में एस.आर. क्लेर, हीरा सिंह गाबड़िया, गुरचरण सिंह ग्रेवाल, चांद सिंह डल्ला, कमलजीत सिंह माला और राजिंदर शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। खन्ना में यादविंदर सिंह यद्दू सहित अन्य नेता उपस्थित थे।
-sukhbirsinghbadal-sadbjpgovernment-punjabindustry-jagraonnews-khannanews