-नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए मेडिकल स्टोर मौके पर सील
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
राजपुरा/पटियाला, 26 नवंबर:(सुशील सिंधी)
‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत राजपुरा की ग्रेन मार्केट स्थित मैसर्स सपना मेडिकोज के मालिक के आवासीय परिसर और मेडिकल स्टोर से बड़ी मात्रा में दवाइयां जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई एफआईआर नंबर 332 की जांच के संबंध में ड्रग कंट्रोल ऑफिसर पटियाला-2 परनीत कौर द्वारा थाना सिटी राजपुरा के एसएचओ तथा फोकल प्वाइंट चौकी के इंचार्ज के साथ संयुक्त रूप से की गई।
जोनल ड्रग लाइसेंसिंग अथॉरिटी नवजोत कौर ने बताया कि आवासीय परिसर से टैपेंटाडोल, प्रेगाबालिन-75, ओलान्जापाइन तथा एमटीपी किट सहित 7 प्रकार की दवाइयां, जिनकी अनुमानित कीमत 2,39,966 रुपये है, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा जब्त की गईं। इनमें से 3 दवाइयों के नमूने जांच एवं विश्लेषण के लिए लिए गए, जबकि पुलिस द्वारा 9 प्रकार की दवाइयां, जिनकी अनुमानित कीमत 7,99,250 रुपये है, जब्त की गईं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि बाद में शाम को मेडिकल स्टोर की भी जांच की गई, जिसके दौरान प्रेगाबालिन-300, टैपेंटाडोल, क्लोनाजेपाम और अल्प्राजोलम सहित 5 प्रकार की दवाइयां/वस्तुएं, जिनकी अनुमानित कीमत 4,710 रुपये है, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा जब्त की गईं। इसके अलावा ट्रामाडोल युक्त 2 प्रकार की दवाइयां, जिनकी अनुमानित कीमत 19,424 रुपये है, आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दी गईं।
जोनल ड्रग लाइसेंसिंग अथॉरिटी ने बताया कि जनहित में तथा दवाइयों के दुरुपयोग को रोकने के मद्देनजर मेडिकल स्टोर को मौके पर ही सील कर दिया गया।