**संजय तलवाड़ के नेतृत्व में कांग्रेस ने निकाला संविधान बचाओ मार्च, संविधान के मूल सिद्धांतों की रक्षा का लिया संकल्प**
Nov26,2026
| Gautam Jalandhari | Ludhiana
संविधान दिवस के अवसर पर आज जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), लुधियाना की तरफ से संजय तलवाड़ (पूर्व विधायक), अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के नेतृत्व में टिब्बा रोड स्थित कार्यालय से संविधान बचाओ मार्च निकाला गया। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने संबोधन के दौरान समस्त क्षेत्रवासियों एवं देशवासियों को संविधान दिवस (राष्ट्रीय कानून दिवस) की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है, क्योंकि इसी दिन देश ने अपने संविधान को अपनाया था।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा संविधान जहां हमें हमारे मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करता है, वहीं देश के प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा भी देता है।
उन्होंने युवा पीढ़ी एवं सभी नागरिकों से अपील की कि वे संविधान के मूल सिद्धांतों—धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और लोकतंत्र—की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहें। इसके साथ ही आपसी भाईचारे को और मजबूत करते हुए देश एवं पंजाब की तरक्की में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
इस संविधान बचाओ मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
-constitutionday-samvidhanbachaomarch-sanjaytalwar-ludhianacongress-indianconstitution