संविधान सत्ता से कहीं बड़ा है, आज देश को संविधान बचाने के लिए एकजुट होकर खड़े होने की जरूरत: सरदार परगट सिंह
Nov26,2026
| Rahul Soni | Amritsar
‘संविधान बचाओ-नशा विरोधी रैली’ में गरजे सरदार परगट सिंह, कहा- कांग्रेस पार्टी पंजाब को बचाने के लिए बचनवद्ध
भाजपा और आप सरकारें संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर देश को कर रही बर्बाद
750 किसानों की शहादत, अग्निवीर योजना, बेरोजगारी और नफरत की राजनीति मौजूदा हुकूमतों की जनविरोधी सोच का प्रमाण
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने आज अमृतसर में आयोजित संविधान बचाओ-नशा विरोधी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय की गारंटी देता है। संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा और वह भावना है, जिसके आधार पर लोकतंत्र चलता है। लेकिन आज सत्ता में बैठे लोग संविधान के दायरे में रहकर काम करने के बजाय खुद को संविधान से ऊपर समझने लगे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि मौजूदा हुकूमरानों में हिटलर की रूह आ गई है। उन्हें यह समझना होगा कि सत्ता संविधान से बड़ी नहीं हो सकती, बल्कि संविधान सत्ता से कहीं अधिक बड़ा है।
सरदार परगट सिंह ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने की है। पंजाब के किसानों ने देश का पेट भरने के लिए हमेशा अपना योगदान दिया है, लेकिन उन्हीं किसानों को केंद्र सरकार के काले कृषि कानूनों को रद्द करवाने के लिए करीब दो साल तक सड़कों पर संघर्ष करना पड़ा। इस आंदोलन में 750 किसानों ने अपनी शहादत दी। यह केवल किसानों की लड़ाई नहीं थी, बल्कि अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का संघर्ष था। आज जरूरत है कि हम उन ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों, जो जनता के अधिकारों को कुचलना चाहती हैं।
सरदार परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संविधान को सरकार से ऊपर रखने का काम किया है। राइट टू एजुकेशन और राइट टू इन्फॉर्मेशन जैसे ऐतिहासिक कानून कांग्रेस की ही देन हैं, जिन्होंने आम नागरिक को शिक्षा और सरकार से जवाब मांगने का अधिकार दिया। इसके विपरीत आज की सरकारें संवैधानिक संस्थाओं और जनता के अधिकारों को कमजोर कर रही हैं। दुनिया तेजी से बदल रही है। तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दौर आ चुका है और आने वाले वर्षों में समाज, रोजगार और काम करने के तरीकों में बड़े बदलाव होंगे। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज देश का नौजवान रोजगार के अवसर पाने के बजाय दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।
सरदार परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम की तरह काम कर रही है। पांच साल के कार्यकाल में सरकार ने पंजाब को विकास की दिशा देने के बजाय पुलिस स्टेट बनाकर रख दिया है। आप सरकार न तो विद्यार्थियों को बेहतर स्कूल और कॉलेज उपलब्ध करवा पाई और न ही मरीजों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं और अस्पताल दे पाई।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा की नफरत की राजनीति देश को बांटने का काम कर रही है। समाज में नफरत और विभाजन को बढ़ावा देकर सत्ता में बने रहना भाजपा की राजनीति का आधार बन गया है। देश लगातार बिखराव की ओर बढ़ रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ही संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता को बचाने के लिए मजबूती से संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है और लगभग 225 लाख करोड़ रुपये का कर्ज देश की अर्थव्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं, पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले कई बड़ी गारंटियां दी थीं। मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल न तो बेअदबी के मामलों में चार महीने में न्याय दिलाने का अपना वादा पूरा कर पाए और न ही पंजाब से नशे का खात्मा कर पाए। आज नशा, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पंजाब के सामने गंभीर चुनौतियां बनी हुई हैं।
सरदार परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंजाब को बचाने और उसके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि जब भी पंजाब के हितों की बात आए, तो सभी आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हों। उन्होंने कहा कि नेता केवल बातें करने से नहीं बनते, बल्कि मुश्किल समय में अपने जज्बे, प्रतिबद्धता और किरदार के साथ जनता के बीच खड़े रहने से बनते हैं। आज पंजाब को ऐसे ही नेतृत्व और एकजुटता की जरूरत है।
संविधान दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने सभी से संकल्प लेने की अपील की कि संविधान को केवल एक दस्तावेज के रूप में नहीं, बल्कि देश की आत्मा और लोकतंत्र की बुनियाद के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के समानता, न्याय, स्वतंत्रता और भाईचारक सांझ के सपने को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, मैनीफेस्टो कमेटी चेयरमैन व सांसद डॉ. अमर सिंह, सांसद गुरजीत सिंह औजला, पूर्व सांसद जसबीर सिंह डिंपा, पूर्व मंत्री डॉ. राज कुमार वेरका, कार्यकारी प्रधान सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला, पूर्व विधायक जगदीप सिंह भलाईपुर, जिला प्रधान सौरव मदान मिट्ठू, पूर्व विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला, पूर्व विधायक हरमिंदर सिंह गिल, विधायक जोगिंदर पाल भोआ, पूर्व मेयर सुनली दत्ती, पूर्व विधायक तरसेम सिंह डीसी, अश्विनी पप्पू, भगवंत पाल सिंह सच्चर, दिनेश बस्सी, कर्ण बुर्ज सहित कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-pargatsingh-constitutionbachaorally-punjabcongress-samvidhandiwas-amritsarnews