राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 4 नवंबर। हरियाणा की भाजपा सरकार तो प्रदेश में अपराधों में कमी के आंकड़े पेश करते नहीं थकती और गैंगस्टरों पर प्रभावी कार्रवाई का भी दावा करती है लेकिन प्रदेश में फिरौती वसूली के लिए धमकाए जाने का सिलसिला थम नहीं रहा।अब पानीपत जिले के मतलौडा अड्डे पर किरयाणा की दुकान चलाने वाले व्यापारी अमरदीप बजाज उर्फ शेरू से 40 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह व्यापारी के पास विदेशी नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को काला जठेड़ी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया।
फोन करने वाले ने 7 नवंबर तक रकम देने का समय दिया और रुपए नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस कॉल के बाद व्यापारी और उसका परिवार सहम गया। व्यापारी ने मतलौडा थाना पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद वह अन्य लोगों के साथ एसपी मेधा भूषण से भी मिला और सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने व्यापारी की सुरक्षा में 2 पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह व्यापारी अमरदीप बजाज के पास विदेशी नंबर से सामान्य मोबाइल कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी और 7 नवंबर तक रकम देने का अल्टीमेटम दिया। तय समय तक पैसे नहीं मिलने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद व्यापारी ने मतलौडा थाना पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद वह अन्य लोगों के साथ एसपी मेधा भूषण से मिला। व्यापारी ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।पुलिस के अनुसार, व्यापारी की सुरक्षा के लिए 2 पुलिसकर्मी उपलब्ध करवाए गए हैं। फोन करने वाले की पहचान के लिए मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन की जानकारी जुटा रही है। कॉल कहां से की गई और इसमें कौन शामिल है, इसकी जांच की जा रही है। मतलौडा थाना के सब इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस फोन करने वाले की पहचान और फिरौती मांगने के पीछे शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। 7 नवंबर की समय सीमा को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। व्यापारी को सुरक्षा उपलब्ध करवा दी गई है।