एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई • हेरोइन, भुक्की, चरस, गांजा व नशीली गोलियां नष्ट
जगराओं, 29 मार्च (दविंदर जैन, फोटोग्राफर अश्वनी शर्मा):
जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी लुधियाना (देहाती) द्वारा नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ नष्ट किए गए।
यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को कमेटी के चेयरमैन डॉ. अंकुर गुप्ता, आईपीएस, सीनियर पुलिस कप्तान लुधियाना (देहाती) की मौजूदगी में की गई। इस दौरान कमेटी सदस्य राजन शर्मा, पीपीएस, पुलिस कप्तान (जांच) और कुलवंत सिंह, पीपीएस, उप पुलिस कप्तान (पीबीआई, स्पेशल क्राइम, ट्रैफिक व डिटेक्टिव) भी उपस्थित रहे।
कमेटी द्वारा कुल 33 प्री-ट्रायल मामलों का माल कानूनी नियमों के तहत नष्ट किया गया। इनमें 22 मामले हेरोइन के, 7 भुक्की चूरा पोस्त के, 2 नशीली दवाइयों के, 1 चरस और 1 गांजा से संबंधित शामिल हैं।
नष्ट किए गए माल में करीब 4 किलो 564 ग्राम हेरोइन, 17 क्विंटल 55 किलो 760 ग्राम भुक्की चूरा पोस्त, 1430 नशीली गोलियां, 375 ग्राम चरस और 450 ग्राम गांजा शामिल है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज में इसके प्रसार को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।