नूंह के भाजपा नेता को पांच करोड़ रंगदारी देने के लिए दी गईं धमकी
Sep28,2026
| Rajender Singh Jadon | Chandigarh
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़, 28सितंबर। हरियाणा की नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार अपनी ही पार्टी के नेताओं को रंगदारी वसूली की धमकियों से नहीं बचा पा रही। कुछ समय पूर्व भाजपा विधायक जगमोहन आनंद को मिली धमकी के बाद नूंह के भाजपा नेता एवं पूर्व पंचायत समिति के चेयरमैन जाहिद हुसैन को फोन के माध्यम से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने पांच करोड़ की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। जिससे भाजपा नेता डर के साए में है।
मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने आरोपितों के फोन नंबर की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक पुलिस आरोपितों तक नहीं पहुंच पाई है।
भाजपा नेता जाहिद हुसैन के अनुसार उनके पास फोन आया जिन्होंने अपने आपको गोदारा गेंग से जुड़ा हुआ बताया। आरोपितों ने कहा कि आपको पांच करोड़ रुपये देने हैं। ऐसा नहीं करने पर जान से मार दिया जाएगा।
एक से डेढ़ मिनट बाद आरोपितों ने फोन काट दिया, कुछ ही देर दोबारा फोन आया और आरोपित ने कहा कि हां या ना में जवाब चाहिए अगर जल्द पैसे का इंतजाम नहीं किया गया तो जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद भाजपा नेता ने एसपी को अवगत कराया। जिसके बाद आरोपितों के फोन नंबर की काल डिटेल निकालकर उसकी जांच शुरू करा दी गई है। जिस नंबर से फोन आया था वह उत्तर प्रदेश के किसी व्यक्ति के नाम से बताया जा रहा है। आरोपित कहां के रहने वाले हैं इसकी जानकारी मोबाइल नंबर से निकाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपितों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
हरियाणा में आए दिन लोगों को रंगदारी वसूली के लिए धमकी वाले फोन आते है।इतना ही नहीं रंगदारी न देने पर फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे दिया जाता है।रंगदारी वसूली की घटनाओं को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए विधानसभा के मानसून सत्र में भी उठाया गया लेकिन मुख्यमंत्री अपराधों के आंकड़ों में कमी की रिपोर्ट पेश करने के अलावा समस्या का कोई हल नहीं पेश कर पाए।समूचा हरियाणा रंगदारी के लिए आए दिन दी जाने वाली धमकियों से चिंतित है।
-nuhnews-zahidhussain-extortionthreat-haryananews-bjpleader