लुधियाना/मालेरकोटला 11 अक्टूबर (पारस दानिया):
मालेरकोटला पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित सरहद पार से फिरौती और जान से मारने की धमकियों के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो स्थानीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। एसएसपी हरकमल प्रीत सिंह खख ने प्रेस को बताया कि यह पूरी कार्रवाई जिला साइबर टीम द्वारा (डीएसपी जांच) की निगरानी में की गई।
शिकायतकर्ता लवनीत सिंह पुत्र दलजीत सिंह वासी धूरी रोड, मालेरकोटला ने शिकायत दी थी कि उसे विदेशी नंबरों से लगातार व्हाट्सएप कॉल आ रही हैं। कॉल करने वालों ने उसके घर की वीडियो और लोकेशन भेजकर पैसों की मांग की और न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम मालेरकोटला में FIR नंबर 28 दिनांक 10-10-2026 धारा 308(4) और 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण से खुलासा हुआ कि आरोपी *नुमान अंसारी पुत्र नुशांत अहमद वासी लुधियाना बाईपास, गुलजार अस्पताल के पास, मालेरकोटला* की पहले इंस्टाग्राम और बाद में व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से जान-पहचान हुई। आरोप है कि उसने मोहम्मद गुलफाम पुत्र रहीस अहमद वासी पंडियां मोहल्ला, मालेरकोटला के साथ मिलकर शिकायतकर्ता की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, गुलफाम की शिकायतकर्ता से पुरानी रंजिश थी। उसने नुमान के जरिए हैंडलरों से संपर्क किया और शिकायतकर्ता के घर की रेकी कर वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजी। इस दौरान एक नाबालिग भी साथ था जो मोटरसाइकिल चला रहा था और जिसे साजिश की जानकारी थी।एसएसपी खख ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा ताकि नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाया जा सके। नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश कर जुवेनाइल जस्टिस एक्ट 2015 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी खख की विशेष जानकारी - कहा, "मालेरकोटला में दहशत का माहौल पैदा करने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी।" उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी धमकी भरी या संदिग्ध कॉल के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें।