शहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक 50 वर्षीय व्यक्ति पर अपनी ही 12 साल की सौतेली दोहती के साथ पिछले दो साल से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। बच्ची की तबीयत खराब होने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ। सामाजिक संगठन के हस्तक्षेप और विरोध के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी उसे 'राजा पापा' (सौतेला नाना) कहता था। वह बच्ची को नशे का आदी बनाकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। 26 अप्रैल को जब मां ने अपनी बेटी को नशीला कैप्सूल खाते देखा और उससे सख्ती से पूछताछ की, तो बच्ची ने रोते हुए सारी सच्चाई बता दी। बच्ची ने खुलासा किया कि पिछले दो साल से उसके साथ गलत काम किया जा रहा था। इसके बाद मां तुरंत उसे लेकर अस्पताल पहुंची। इस मामले में मां ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पीड़िता की मां का आरोप है कि पुलिसकर्मी शिवराज ने उसकी अनपढ़ता का फायदा उठाकर उसे डराया और सादे कागजों पर अंगूठा लगवा लिया। मां के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि पुलिस इसे 'समझौता' बता रही है। इसके बाद 'जस्टिस फॉर ऑल ऑर्गनाइजेशन' ने मामले में दखल दिया, तब जाकर पुलिस ने केस दर्ज किया।
एसएचओ कैनाल हरजोत सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है। आरोपी सौतेले नाना के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पीड़िता का अस्पताल में उपचार चल रहा है।