लुधियाना के सलेम टाबरी इलाके में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में न्यू जनकपुरी, सलेम टाबरी निवासी शोबिंग कुमार, जो “पंडित परौंठा वाले” के नाम से जाने जाते हैं, की TVS जुपिटर स्कूटी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई।
घटना श्री राधा कृष्णा पार्क के पास सर्विस लेन में सुबह करीब 7:40 बजे की है। पीड़ित शोबिंग कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी स्कूटी पर गैस सिलेंडर और परौंठे बनाने का सामान लेकर पहुंचे थे। स्कूटी खड़ी कर वह सामने खाली पार्क में अपनी रेहड़ी लेने चले गए। महज पांच मिनट बाद लौटने पर स्कूटी सामान सहित गायब मिली।
इसके बाद पास के बैंक की CCTV फुटेज देखी गई, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति स्कूटी लेकर जाता नजर आया। शोबिंग कुमार ने बताया कि उन्होंने यह जुपिटर दिसंबर 2024 में किश्तों पर खरीदी थी, जिसकी किश्तें अभी भी चल रही हैं।
पीड़ित ने थाना सलेम टाबरी में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।