*लाभार्थियों ने वित्तीय स्वतंत्रता की प्रेरणादायक कहानियां साझा करते हुए ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का किया धन्यवाद*
*मासिक वित्तीय सहायता मेरी पोती के पालन-पोषण और उसकी पढ़ाई में मदद कर रही है: लाभार्थी परमजीत कौर*
*मेरे खाते में सीधे आ रहे पैसे मेरे मजदूर पिता पर बोझ डाले बिना मेरी पढ़ाई जारी रखने में मदद कर रहे हैं: नवजोत कौर, छात्रा*
*योजना के तहत मिली सम्मान राशि ने महिलाओं को चिकित्सा और घरेलू खर्चे पूरे करने में मदद की है: वीना शर्मा, सत्कार सखी लाभार्थी*
*हमारे गांव की महिलाओं को वित्तीय सहायता मिल रही है, जबकि ‘सत्कार सखी’ पहल रोजगार के अवसर पैदा कर रही है: तनवीर कौर, लाभार्थी*
*मोगा में ‘खुशहाल पंजाब’ महा रैली के दौरान मंच से लाभार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव*
चंडीगढ़/मोगा, 26 नवंबर:
मोगा में ‘खुशहाल पंजाब’ महा रैली के दौरान ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ का प्रभाव उस समय साकार होता दिखाई दिया, जब महिला लाभार्थियों ने मंच पर आकर बताया कि किस तरह इस मासिक वित्तीय सहायता ने उनके परिवारों को बड़ी राहत दी है। अपने निजी अनुभव साझा करते हुए लाभार्थियों ने घरेलू जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और अन्य जरूरी खर्चों के लिए इस राशि का इस्तेमाल करने के बारे में बताया तथा इस योजना को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया। उनके अनुभवों से पता चला कि किस तरह सीधे वित्तीय सहायता महिलाओं को अधिक स्वतंत्रता और आत्मसम्मान के साथ रोजमर्रा की चुनौतियों का सामना करने में मदद कर रही है।
अपना अनुभव साझा करते हुए ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ की लाभार्थी परमजीत कौर ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दिल से आभारी हूं। मुझे हर महीने पैसे मिलते हैं और मैं इनमें से कुछ पैसे घरेलू खर्चों के लिए इस्तेमाल करती हूं। मेरी एक पोती है, जिसकी मां का देहांत हो चुका है। मेरे परिवार के अन्य सदस्य भी दुनिया से चले गए हैं। मैं इस पैसे का इस्तेमाल उसकी पढ़ाई का ध्यान रखने और उसके लिए कपड़े खरीदने के लिए करती हूं। यह योजना बहुत लाभदायक साबित हुई है। इसे जारी रहना चाहिए। हम चाहते हैं कि यही सरकार बार-बार सत्ता में आए।”
छात्रा एवं लाभार्थी नवजोत कौर ने बताया कि किस तरह इस योजना ने उसके परिवार पर वित्तीय दबाव कम किया है और उसकी पढ़ाई जारी रखने में मदद की है। उसने कहा, “मुख्यमंत्री द्वारा मावां-धियां सत्कार योजना शुरू की गई है और मुझे इस योजना के तहत पैसे मिले हैं। मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि ये पैसे मेरे बैंक खाते में पहुंच गए हैं, क्योंकि इससे मुझे अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलती है। मेरे पिता जी मजदूर हैं और बहुत मेहनत करते हैं। पहले, जब मुझे छोटी-मोटी चीजों के लिए भी पैसों की जरूरत होती थी, चाहे अपने लिए कुछ खरीदना हो या किताबें खरीदनी हों, मुझे अपने पिता जी से पैसे मांगने पड़ते थे। हमारे लिए अपने खर्च पूरे करना बहुत मुश्किल था।”
उसने आगे कहा, “अब ये पैसे सीधे मेरे खाते में आने से मैं अपनी पढ़ाई जारी रखने के साथ-साथ अपनी जरूरतें भी पूरी कर रही हूं। मैं हमारे मुख्यमंत्री, आम आदमी पार्टी की सरकार और इसे संभव बनाने वाले हर व्यक्ति की बहुत आभारी हूं। मैं उनका दिल से धन्यवाद करती हूं। मेरी इच्छा है कि यही सरकार सत्ता में बनी रहे और भगवंत सिंह मान ही मुख्यमंत्री बने रहें।”
मोगा की एक अन्य लाभार्थी वीना शर्मा ने कहा कि यह योजना महिलाओं के लिए ठोस वित्तीय सहायता साबित हुई है। उन्होंने कहा, “हर कोई जानता है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने माताओं और बेटियों के लिए एक योजना शुरू की है, जिसके तहत हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने अपना वादा पूरा किया है और दो अवसरों पर हमारे बैंक खातों में तीन-तीन महीनों की किस्तें एक साथ जमा करवाई गई हैं।”
जरूरी खर्चों को पूरा करने में इस सहायता के महत्व के बारे में बताते हुए वीना शर्मा ने आगे कहा, “लाभार्थियों के खातों में 6,000 रुपये आए हैं, जो महिलाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। मेरी कई सहेलियों सहित ऐसी बहुत सी महिलाएं थीं, जिनके जरूरी काम पैसों की कमी के कारण रुक जाते थे। कई महिलाएं दवाइयां नहीं खरीद सकती थीं, जबकि कई अन्य घरेलू खर्चे पूरे करने में असमर्थ थीं। इस सहायता से हमें बहुत बड़ा लाभ हुआ है।”
मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की बहुत आभारी हूं। मैं यहां उपस्थित हर व्यक्ति से एक बार फिर जोरदार अपील करती हूं कि अगली सरकार भी मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में ही बननी चाहिए। हमें सभी को मिलकर उनका साथ देना चाहिए और इस सरकार को दोबारा सत्ता में लाना चाहिए।”
गांव झंडेआना शरकी की लाभार्थी तनवीर कौर, जो ‘महिला सत्कार सखी’ के रूप में भी काम कर रही हैं, ने ‘सखी’ पहल के माध्यम से महिलाओं को मिलने वाले अतिरिक्त अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “मैं गांव झंडेआना शरकी से हूं, जहां मैं महिला सत्कार सखी के रूप में काम कर रही हूं। मुझे इस व्यवस्था से दोहरा लाभ मिल रहा है, क्योंकि मुझे योजना के तहत हर महीने 1,500 रुपये मिलते हैं और सखियों के लिए शुरू की गई योजना के तहत पहली किस्त भी मेरे खाते में आ गई है।”
अपने गांव की महिलाओं की प्रतिक्रिया के बारे में बताते हुए तनवीर कौर ने आगे कहा, “मेरे गांव की बड़ी संख्या में महिलाओं को ये पैसे मिले हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का दिल से धन्यवाद किया है। कई अन्य महिलाएं, जो पहले घरों में खाली बैठी थीं, उन्हें सखी पहल के माध्यम से रोजगार मिला है। वे भी बहुत आभारी हैं। मैं सभी का और विशेष रूप से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का दिल से धन्यवाद करना चाहती हूं।”
रैली के दौरान लाभार्थियों द्वारा साझा किए गए अनुभवों ने विभिन्न परिस्थितियों में इस योजना के प्रभाव को सामने लाया, जिसमें छात्राओं की पढ़ाई में मदद करने और परिवार के सदस्यों की देखभाल करने से लेकर चिकित्सा तथा घरेलू खर्चों को पूरा करना शामिल है। उनके बयानों ने गांव स्तर पर महिलाओं तक अवसर पहुंचाने में ‘महिला सत्कार सखी’ पहल की भूमिका को भी उजागर किया।
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)