हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी; हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक से भारत की लगातार चौथी जीत
Nov1,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Jalandhar
जापान और दक्षिण कोरिया ने भी सेमीफाइनल में जगह पक्की की
चीन और बांग्लादेश सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर
भारत ने मलेशिया को 4-2 से हराया
दक्षिण कोरिया ने बांग्लादेश को 5-0 से हराया
जापान और चीन ने 2-2 ड्रॉ खेला
कल 2 नवंबर को खेले जाएंगे आखिरी तीन लीग मैच
जालंधर, 1 नवंबर
पंजाब की धरती पर खेले जा रहे पहले अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के आज जालंधर में लीग स्टेज के चौथे दिन खेले गए मैचों में भारत ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक के दम पर मलेशिया को 4-2 से हराया। दक्षिण कोरिया ने बांग्लादेश को 5-0 से हराया जबकि जापान और चीन के बीच मैच 2-2 से ड्रॉ रहा।
इसके साथ ही टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमें तय हो गईं। आज के नतीजों के बाद जापान और दक्षिण कोरिया ने आखिरी चार में जगह पक्की कर ली जबकि भारत और मलेशिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच गई थीं। भारत पहले स्थान पर चल रहा है। सेमीफाइनल में पहुंची चारों टीमों की लीग रैंकिंग अभी तय होनी है। कल 2 नवंबर को जालंधर में लीग स्टेज के आखिरी तीन मैच चीन और बांग्लादेश, मलेशिया और जापान तथा भारत और दक्षिण कोरिया के बीच खेले जाएंगे जिसके बाद 4 नवंबर को मोहाली में होने वाले सेमीफाइनल के मैचों की स्थिति स्पष्ट होगी। चीन और बांग्लादेश सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने के कारण पांचवीं पोजीशन के लिए 4 नवंबर को मोहाली में खेलेंगे। टूर्नामेंट में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ जापान की टीम और दूसरी जीत के साथ दक्षिण कोरिया की टीम आज सेमीफाइनल में पहुंची जबकि भारत और मलेशिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच गए थे।
खचाखच दर्शकों से भरे ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी भारत और मलेशिया की टीमों के बीच दिन का तीसरा और आखिरी मैच हुआ जिसमें भारत ने मलेशिया को 4-2 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर था।
भारत की ओर से आज कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाते हुए तीन गोल किए। हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल पेनल्टी कॉर्नर पर जबकि तीसरा गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर किया। सुखजीत सिंह ने एक बहुत ही खूबसूरत फील्ड गोल किया। उधर हरमनप्रीत सिंह के टूर्नामेंट में कुल आठ गोल हो गए और वह टॉप स्कोरर चल रहा है। मलेशिया की ओर से अखीमउल्ला और शैलो सिल्वेरियस ने गोल किए।
दिन का दूसरा मैच जापान और चीन के बीच 2-2 से ड्रॉ रहा। यह मैच बहुत रोमांचक और उतार-चढ़ाव वाला रहा। चीन ने जियानलाग के गोल से पहले गोल करके लीड ले ली जो तीन क्वार्टर तक कायम रही। चौथे क्वार्टर में जापान ने वापसी करते हुए दो गोल करके एक बार लीड ले ली। यह गोल रेकी फुजीशिमा और युमा नुगाई ने किए। चीन ने आखिरी मिनट में मैच समाप्ति से तीन सेकंड पहले पेनल्टी कॉर्नर पर बेनहाई चेन के गोल से 2-2 की बराबरी कर ली। इस ड्रॉ के साथ चीन की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।
दिन का पहला मैच दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश की टीमों के बीच खेला गया। दक्षिण कोरिया ने 5-0 से जीत दर्ज करके टूर्नामेंट की दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल की टिकट कटाई। हाफ टाइम तक विजयी टीम 2-0 से आगे थी। बांग्लादेश की भी यह लगातार चौथी हार थी। इस हार के साथ बांग्लादेश की टीम भी सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। दक्षिण कोरिया की ओर से आज डेन सुन ने तीन और जुनसियोंग जियोंग ने दो गोल किए।
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.