*फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर कैंटर और महिंद्रा पिकअप के बीच हुए दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत*
Jan31,2025
| Vijay Kakkar | Firozpur
*पंजाब सरकार हादसे में मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देगी और घायलों का इलाज करवाएगी: फौजा सिंह सरारी*
फिरोजपुर, 31 जनवरी,( विजय कक्कड़) आज सुबह जिला फिरोजपुर के अंतर्गत (फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग) स्थित गांव मोहन के हिताड़ के पास, गुरुहरसहाय में कैंटर और महिंद्रा पिकअप के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। जिला प्रशासन फिरोजपुर द्वारा एंबुलेंस के जरिए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
विधानसभा क्षेत्र गुरुहरसहाय के विधायक स फौजा सिंह सरारी ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार मृतकों के परिवारों और घायलों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस हादसे में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी और घायलों का संपूर्ण इलाज करवाया जाएगा।
विधायक स फौजा सिंह सरारी और डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने सिविल अस्पताल, फिरोजपुर का दौरा कर घायलों का हाल जाना और उनके समुचित इलाज का आश्वासन दिया।
घटना स्थल पर मौजूद डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने बताया कि 10 घायलों को मेडिकल कॉलेज फरीदकोट, 4 घायलों को सिविल अस्पताल फिरोजपुर और 1 घायल को बागी अस्पताल फिरोजपुर में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल फिरोजपुर में मृतकों का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करके शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस मामले पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उल्लेखनीय है कि महिंद्रा पिकअप में सवार वेटर किसी विवाह समारोह में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप की कैंटर से टक्कर हो गई। मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
Powered by Froala Editor
Accidant-News-