*प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी छीने जाने और अपनी राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई के लिए निकाल रहे हैं इंसाफ यात्रा : रजनीश धीमान*
लुधियाना, 21 नवंबर ( ): भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश महासचिव रजनीश धीमान ने कांग्रेस नेता राजा वड़िंग द्वारा निकाली जा रही इंसाफ यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि वड़िंग को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर वह किस बात का इंसाफ मांग रहे हैं और किससे इंसाफ की मांग कर रहे हैं? क्या वह अपनी प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी छीने जाने को लेकर राहुल गांधी से इंसाफ मांग रहे हैं या पंजाब कांग्रेस के नेता परगट सिंह से?
रजनीश धीमान ने कहा कि राजा वड़िंग की अपनी पार्टी के नेता ही अप्रत्यक्ष रूप से उन पर समझौतावादी अध्यक्ष होने का ठप्पा लगाते रहे हैं। उनसे यह सवाल उठते रहे हैं कि वह पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का विरोध करने से क्यों कतराते हैं और सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख क्यों नहीं अपनाते?
उन्होंने सवाल किया कि जब उनकी अपनी पार्टी के नेता राजा वड़िंग के नेतृत्व और कार्यशैली पर अप्रत्यक्ष रूप से सवाल उठा रहे थे, तब उन्होंने इंसाफ यात्रा क्यों नहीं निकाली? क्या उस समय उन्हें अपने साथ हो रही नाइंसाफी का एहसास नहीं हुआ था?
रजनीश धीमान ने कहा कि राजा वड़िंग की इंसाफ यात्रा से यह स्पष्ट होता है कि वह पंजाब के लोगों के लिए नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं, क्योंकि पार्टी अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान उन्हें रास नहीं आ रही।