फूलचंद मुलाना को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
Nov21,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Chandigarh
राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़,21नवंबर। हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री फूलचंद मुलाना को शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई ।कांग्रेस के झंडे में लिपटी उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में समर्थक और गणमान्य लोग शामिल हुए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राजकीय शोक घोषित नहीं किए जाने पर आपत्ति जताई। इसके बाद अधिकारियों से बातचीत हुई और अंतिम संस्कार के दौरान फूलचंद मुलाना को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुलाना का अंतिम संस्कार अंबाला शहर के सेक्टर सात स्थित शमशान घाट पर किया गया।
फूलचंद मुलाना का शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। शनिवार को उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, विधायक अशोक अरोड़ा, वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, अंबाला की मेयर अक्षिता सैनी, विधायक निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा सहित कई नेता मौजूद रहे।
अंतिम संस्कार से पहले राजकीय सम्मान को लेकर भी मामला सामने आया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राजकीय शोक घोषित नहीं किए जाने पर आपत्ति जताई और अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने प्रोटोकॉल के तहत सम्मान दिए जाने की मांग उठाई। इसके बाद अधिकारियों से बातचीत हुई और अंतिम संस्कार के दौरान फूलचंद मुलाना को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
फूलचंद मुलाना का हरियाणा की राजनीति में करीब पांच दशक का सफर रहा। उनका जन्म 6 अप्रैल 1941 को यमुनानगर जिले के गांव मिल्कखास में हुआ था। उन्होंने ग्रेजुएशन के बाद एलएलबी की पढ़ाई की और वकालत शुरू की। इसके बाद राजनीति में कदम रखा। साल 1972 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर मुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर विधायक बने।
1977 में उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। 1982 में कांग्रेस से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 1987 में हार के बाद 1991 में कांग्रेस के टिकट पर तीसरी बार विधायक बने। 1996 और 2000 के चुनाव में उन्हें हार मिली। इसके बाद 2005 में मुलाना सीट से चौथी बार विधायक चुने गए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके अलावा उन्होंने छह साल तक हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।
फूलचंद मुलाना के बाद उनके बेटे वरुण चौधरी ने मुलाना विधानसभा सीट से राजनीतिक विरासत आगे बढ़ाई। वरुण ने 2014 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। 2019 में भाजपा के राजबीर सिंह को 1,688 वोटों से हराकर पहली बार विधानसभा पहुंचे। वर्ष 2024 में कांग्रेस ने वरुण चौधरी को अंबाला लोकसभा सीट से टिकट दिया। उन्होंने भाजपा की बंतो कटारिया को हराकर सांसद का चुनाव जीता। इसके बाद खाली हुई मुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस ने उनकी पत्नी पूजा चौधरी को प्रत्याशी बनाया। पूजा चौधरी ने भाजपा की संतोष चौहान सारवान को 12,865 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। इस तरह फूलचंद मुलाना की राजनीतिक विरासत अब उनके बेटे वरुण चौधरी और बहू पूजा चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं।
-phoolchandmulana-haryanacongress-raonarendrasingh-bhupindersinghhooda-haryanapolitics