राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़,21नवंबर। सिर चढकर बोलती हरियाणा के सरकारी स्कूली ढांचे की बदहाली अफसरों का रुख नहीं बदल पा रही है।लापरवाह अफसरों की नकेल कसने के लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आगामी 23नवंबर को तीसरी बैठक बुलाई है।
हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूलों के ढांचे को सुधारने के लिए क्लास-1 और क्लास-2 अधिकारियों को स्कूल गोद लेने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद ज्यादातर विभागों के अधिकारी इस जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं निभा रहे हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 69 विभागों में से 33 के किसी भी अधिकारी ने स्कूल विजिट नहीं की। वहीं 16 विभागों ने एक भी स्कूल गोद नहीं लिया।अधिकारियों के इस रुख के चलते मुख्य सचिव कार्यालय को बार-बार नए सिरे से आदेश जारी करने पड़ रहे हैं। इससे पहले शिक्षा मंत्री भी स्कूलों की जमीनी हकीकत जानने के लिए नियमित और औचक निरीक्षण करने तथा लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दे चुके हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 69 में से 33 विभाग ऐसे रहे, जिनके एक भी अधिकारी ने प्रदेश के किसी स्कूल का दौरा नहीं किया। इसके अलावा 27 विभागों के अधिकारियों ने 10 से कम स्कूलों की विजिट की। स्कूल विजिट और स्कूल गोद लेने के लिए 69 विभागों के 1,888 अधिकारियों ने खुद को रजिस्टर किया था। इन अधिकारियों ने कुल 1,614 स्कूल ही गोद लिए। यानी औसतन हर अधिकारी एक स्कूल भी गोद नहीं ले पाया। वहीं, 1,888 अधिकारियों ने मिलकर केवल 468 स्कूल विजिट की। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के सभी 69 विभागों के अधिकारियों को स्कूल गोद लेने थे। इसके बावजूद 16 विभाग ऐसे रहे, जिनके किसी भी अधिकारी ने एक भी स्कूल गोद नहीं लिया। इसके अलावा 42 से 44 विभागों के अधिकारियों ने 10 से कम स्कूल गोद किए। अब मामले को लेकर 23 नवंबर को मुख्य सचिव द्वारा बैठक बुलाई गई है।यह बैठक समीक्षा बैठक बताई जा रही है।
अधिकारियों को आवंटित स्कूलों में र क्लासरूम की साफ-सफाई, टीचरों की उपलब्धता, पीने के साफ पानी, शौचालयों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करनी थी। बुनियादी सुविधाओं के अलावा उन्हें बच्चों से संवाद कर पढ़ाई के लिए प्रेरित करने और करियर के लक्ष्य निर्धारित करने में मदद करने की जिम्मेदारी भी दी गई थी।