राजेंद्र सिंह जादौन
चंडीगढ़,3 नवंबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को अंबाला छावनी में 1857 की आजादी की पहली लड़ाई से जुड़े शहीद स्मारक का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद अमित शाह गांधी ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अमित शाह को सुनने के लिए हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
अनिल विज ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि 5 नवंबर का दिन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक होगा। उन्होंने बताया कि अंबाला में बना यह स्मारक 1857 की क्रांति को समर्पित है। स्मारक में 22 बड़ी गैलरियां बनाई गई हैं, जिनमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से आजादी की पहली लड़ाई की घटनाओं, युद्धों और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को दिखाया गया है।
उन्होंने कहा कि 1857 में देश के वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अपने प्राणों की आहुति दी। लेकिन इन शहीदों के योगदान को इतिहास में वह जगह नहीं मिल पाई, जिसके वे हकदार थे। इस स्मारक के माध्यम से उन वीरों के बलिदान और संघर्ष को लोगों के सामने लाने का प्रयास किया गया है।
विज ने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देश की आजादी के इतिहास से परिचित करवाएगा। यहां आधुनिक तकनीक के जरिए युवा 1857 की क्रांति की घटनाओं और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को करीब से समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह स्मारक देश के गौरवशाली इतिहास और शहीदों की कुर्बानी को याद रखने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अनिल विज ने अंबाला छावनी के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने प्रदेश के लोगों से 5 नवंबर को गांधी ग्राउंड पहुंचकर जनसभा में शामिल होने की अपील की।