राजेंद्र सिंह जादौन चंडीगढ़,25जनवरी। हरियाणा सरकार ने वर्तमान पिराई सीजन के लिए गन्ने का भाव बढ़ा दिया है। सरकार ने 10 रुपए प्रति क्विंटल वृद्धि की है। राज्य स्तरीय कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह बढ़ोतरी की है। मनोहर लाल ने कहा कि पिछले वर्ष हमारा गन्ने का भाव 362 रुपए प्रति क्विंटल था। अब 10 रुपए बढ़ोतरी के साथ इस वर्ष गन्ने का भाव 372 रुपए प्रति क्विंटल रहेगा। अगले साल भी सरकार गन्ने का भाव बढ़ाएगी।यह पहला मौका है जबकि हरियाणा में गन्ने का भाव पंजाब से कम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार शुगर मिलों को अपग्रेड कर रही है। करनाल, पानीपत मिल की सरकार ने क्षमता बढ़ाई है। हम कोशिश करेंगे कि चीनी की रिकवरी भी बढ़े। शाहबाद, यमुनानगर में एथेनाल प्लांट, नारायणगढ़ में पावर प्लांट लगाकर मिलों को अपग्रेड कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों से अपील है कि वह अपना गन्ना लेकर मिलों में जाएं ताकि कल से विधिवत मिलों को शुरू किया जा सके। सरसों की फसल में सर्दी की वजह से नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई के लिए 5 फरवरी से नियमित गिरदावरी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पटवारियों का पे स्केल अपग्रेड कर 32100 किया गया है। उल्लेखनीय है कि गन्ने के भाव को तय करने के लिए स्टेट लेवल कमेटी बनाई गई थी। कमेटी में कृषि मंत्री जेपी दलाल के साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा भी शामिल थी। उन्होंने रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी, जिसके बाद उन्होंने भाव बढ़ाने की घोषणा की। कमेटी के अधिकांश सदस्यों ने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर पंजाब से अधिक करने का प्रस्ताव दिया था। अभी पंजाब में गन्ने का मूल्य 380 रुपए प्रति क्विंटल है। हरियाणा में बढ़ोतरी के बाद 372 रुपए प्रति क्विंटल है। यह पहली बार है कि हरियाणा में गन्ने के भाव पंजाब से कम हैं।
Jagrati Lahar is an English, Hindi and Punjabi language news paper as well as web portal. Since its launch, Jagrati Lahar has created a niche for itself for true and fast reporting among its readers in India.
Gautam Jalandhari (Editor)