13 साल से केंद्र में भाजपा की सरकार, फिर भी नशे के कारोबार पर लगाम क्यों नहीं लगा पाए अमित शाह: सरदार परगट सिंह
Oct20,2026
| Gautam Jalandhari | Chandigarh
गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर भड़के, कहा-केंद्र सरकार बताए क्या ठोस कदम उठाए?
पंजाब समेत देश के विभिन्न राज्यों में बढ़ते नशे, मेडिकल नशे के अवैध कारोबार के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार
पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने के लिए केंद्र सरकार की ठोस कार्रवाई पर गृह मंत्री देश को जवाब दें
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने देश में बढ़ते नशे के कारोबार, मेडिकल नशे की अवैध बिक्री और इसकी चपेट में आकर बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 13 वर्षों से केंद्र में भाजपा की सरकार है और अमित शाह देश के गृह मंत्री हैं। ऐसे में पंजाब समेत देश के विभिन्न राज्यों में फैल रहे नशे के कारोबार की जिम्मेदारी से केंद्र सरकार और गृह मंत्री पल्ला नहीं झाड़ सकते।
दशहरा के मौके पर समारोह में शामिल होने पहुंचे सरदार परगट सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान सवाल किया कि क्या पिछले 13 वर्षों के दौरान पंजाब में नशे की समस्या लगातार गंभीर होती रही, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री को इसकी जानकारी नहीं थी? यदि उन्हें हालात की पूरी जानकारी थी, तो इस समस्या को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए? उन्होंने कहा कि केवल नशा मुक्त भारत के नारे देने और बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने से नशे का कारोबार खत्म नहीं होगा। इसके लिए प्रभावी रणनीति, सख्त कार्रवाई और केंद्र व राज्य सरकारों के बीच जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
परगट सिंह ने कहा कि नशे का मुद्दा केवल पंजाब की कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है। नशीले पदार्थों की तस्करी, सीमापार से होने वाली सप्लाई, नशे के बड़े नेटवर्क और मेडिकल नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने में केंद्रीय एजेंसियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में केंद्र सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इन नेटवर्कों को तोड़ने, नशे की सप्लाई रोकने और इस अवैध कारोबार में शामिल बड़े तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए क्या परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जवानी को नशे से बचाना केवल राजनीतिक बयानबाजी का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का सवाल है। परिवार अपने बच्चों को नशे की गिरफ्त में जाते देखकर परेशान हैं और समाज इस संकट से बाहर निकलने के लिए ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि नशे के कारोबार के खिलाफ उठाए गए कदमों और उनके परिणामों का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए तथा नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।
सरदार परगट सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पंजाब के लोगों के सामने जवाब देना होगा कि इतने वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद नशे की समस्या पर निर्णायक नियंत्रण क्यों नहीं हो पाया। पंजाब की युवा पीढ़ी का भविष्य राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि जवाबदेही, मजबूत कार्रवाई और नशे के पूरे नेटवर्क को खत्म करने से सुरक्षित होगा।
-pargatsingh-amitshah-punjabdrugcrisis-bjpgovernment-jagratilahar