310 टीमों द्वारा 10,381 घरों का सर्वे, 20,229 कंटेनरों की जांच
लोग अपने घरों और आसपास कूलरों, गमलों, टायरों, छतों तथा अन्य पानी जमा होने वाली जगहों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें : सिविल सर्जन
लुधियाना, 8 मई 2026 : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पंजाब द्वारा चलाए जा रहे “हर शुक्रवार डेंगू पर वार” अभियान के तहत आज जिला लुधियाना में डेंगू रोकथाम संबंधी व्यापक सर्वे, सोर्स रिडक्शन तथा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन लुधियाना डॉ. रमणदीप कौर ने बताया कि जिले में कुल 310 स्वास्थ्य टीमों द्वारा 267 क्षेत्रों का दौरा किया गया। इस दौरान 10,381 घरों का सर्वे किया गया तथा 20,229 पानी वाले कंटेनरों की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर लोगों को तुरंत सफाई रखने तथा पानी जमा न होने देने के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. रमणदीप कौर ने कहा कि डेंगू का मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है, इसलिए लोग अपने घरों और आसपास कूलरों, गमलों, टायरों, छतों तथा अन्य पानी जमा होने वाली जगहों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सप्ताह में कम से कम एक बार पानी वाले बर्तनों को खाली करके अच्छी तरह रगड़कर साफ करें।
उन्होंने आगे बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लोगों को डेंगू के लक्षणों जैसे तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द, जोड़ों में दर्द तथा त्वचा पर चकत्तों आदि के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू एवं चिकनगुनिया की जांच और उपचार की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध है।
अंत में सिविल सर्जन डॉ. कौर ने जिले के निवासियों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें तथा अपने घरों और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखें ताकि डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।