नशा मुक्त मलेरकोटला के लिए नई पहल; सुनसान पड़ी इमारतों को फिर से सामाजिक उपयोग में लाने की मुहिम तेज़
Oct18,2026
| Jagrati Lahar Bureau | Malerkotla
डीएसपी संजीव कपूर की देखरेख में गांव खानपुर में स्वास्थ्य विभाग के पुराने क्वार्टरों की सफाई
किसानों और प्रवासी मजदूरों को किया जागरूक
लुधियाना/मलेरकोटला 18 अक्टूबर (पारस दानिया):
पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली सुनसान और खाली पड़ी इमारतों को सुरक्षित बनाकर फिर से सामाजिक उपयोग में लाने के लिए जिला प्रशासन ने मुहिम तेज कर दी है। एसएसपी हरकमल प्रीत सिंह खख के दिशा-निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर विराज एस. तिड़के की अगुवाई में सिविल और पुलिस प्रशासन द्वारा साझा कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी के तहत डीएसपी अमरगढ़ संजीव कपूर की देखरेख में गांव खानपुर में ग्राम पंचायत के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग के पुराने और लंबे समय से खाली पड़े रिहायशी क्वार्टरों की साफ-सफाई करवाई गई।
सुनसान संपत्तियों पर पुलिस की नजर
डीएसपी संजीव कपूर ने बताया कि नशों की रोकथाम के लिए ऐसी सुनसान जायदादों की शिनाख्त की जा रही है, जिनका नशा या अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के लिए दुरुपयोग होता रहा है। उन्होंने कहा कि इन जगहों को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाकर समाज की भलाई के लिए फिर से उपयोग योग्य बनाना इस मुहिम का अहम उद्देश्य है। इससे जहां समाज विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, वहीं गांवों में सुरक्षित माहौल बनाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने खानपुर अनाज मंडी में किसानों और प्रवासी मजदूरों को नशों के बुरे प्रभावों से अवगत कराते हुए अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे कार्यशील है।
सरपंच ने की सरकार की मुहिम की सराहना
इस मौके पर सरपंच गुरमुख सिंह ने पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि गांवों की खाली पड़ी जगहों को फिर से सुरक्षित बनाना एक रचनात्मक पहल है। उन्होंने गांव वासियों से अपील की कि वे नौजवान पीढ़ी के भविष्य की रक्षा के लिए प्रशासन का पूरा सहयोग करें।
इस अवसर पर रामगढ़िया वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान जसवीर सिंह जस्सी, बीडीपीओ करनबीर सिंह, एसईपीओ गुरप्रीत सिंह, पूर्व फौजी जसपाल सिंह नहल, संदीप सिंह, हरजिंदर सिंह खानपुर, दमनप्रीत सिंह और पंच राजविंदर सिंह भी हाजिर थे।
-malerkotla-yudhnasheanvirudh-drugfreepunjab-punjabpolice-drugawareness