नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस की छापेमारी जारी; एक अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
कादियां, 18 अक्टूबर (सलाम तारी): पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्यभर में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलाए जाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
इसी अभियान के तहत बटाला के एसएसपी डॉ. महताब सिंह के निर्देशों, डीएसपी श्री हरगोबिंदपुर के मार्गदर्शन तथा कादियां के एसएचओ प्रभजोत सिंह के नेतृत्व में पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान और छापेमारी की जा रही है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, कादियां पुलिस ने नशे का सेवन करने के आरोप में दो युवकों को काबू किया है। उनकी पहचान देवा पुत्र बलविंदर कुमार, निवासी मोहल्ला बाल्मीकि, कादियां तथा बिक्रमजीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह, निवासी नाथपुर, थाना कादियां के रूप में हुई है। इस संबंध में मुकदमा नंबर 142, दिनांक 17-10-2026, धारा 27/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
इसी प्रकार, नामजद आरोपी सैमुअल उर्फ सैम पुत्र सुच्चा सिंह, निवासी डल्ला को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा नंबर 141, दिनांक 16-10-2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।
कादियां के एसएचओ प्रभजोत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि नशा तस्करी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।