थाना टिब्बा इलाके में 22 वर्षीय विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है। मृतका की मां का आरोप है कि बेटी को ससुराल वाले दहेज के लिए तंग-परेशान करते थे। शिकायतकर्ता सीमा पत्नी भोला नाथ, निवासी मकान नंबर 7909/7, गली नंबर 10, मोहल्ला न्यू शक्ति नगर, टिब्बा रोड़ ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी आरती की जान-पहचान जतिन चौहान से हो गई थी। 14 अप्रैल 2025 को उन्होंने आरती की शादी हिंदू रीति-रिवाज से जतिन चौहान के साथ कर दी थी। शादी के करीब 4 महीने बाद आरती ने अपनी बहन ज्योति को फोन पर बताया कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसे बहुत तंग-परेशान कर रहे हैं। उसने कहा था कि "मुझे यहां से ले जाओ, वरना मैं मर जाऊंगी।" 21 मई 2026 को सीमा के बेटे राज नरायन के मोबाइल नंबर 62806-01803 पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को जतिन चौहान का दोस्त बताते हुए कहा कि आरती ने आत्महत्या कर ली है।
सीमा का आरोप है कि उनकी बेटी ने पति जतिन चौहान, सास नीतू चौहान और ससुर रवि चौहान की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त की है। थाना टिब्बा पुलिस ने मुकदमा नंबर 119 दिनांक 22 मई 2026 को धारा 80, 3(5) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया है। तफ्तीश के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।