महानगर के हुसैनपुरा इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां 3 आवारा कुत्तों की जहर देने से मौत हो गई। उक्त मामले में पशु कल्याण संस्था के प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ तीन आवारा कुत्तों को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी ने खुद कबूल किया कि उसने जहर रखा था जिसे खाने से कुत्तों की मौत हो गई।
शिकायतकर्ता मनी सिंह पुत्र जगिंदरपाल सिंह, निवासी मकान नंबर 381, कूचा हरनाम दास, फील्ड गंज, ने बताया कि वह 'हेल्थ फूड एनिमल एसोसिएशन' के प्रधान हैं। उनकी संस्था बेजुबान, बेसहारा जानवरों का इलाज करती है और उन पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ इंसाफ की मांग करती है। 20 मई 2026 को उन्हें 'साइलेंट फरो' नाम की संस्था चलाने वाली कविता शर्मा नाम की महिला का फोन आया। महिला ने बताया कि गांव हुसैनपुरा में 3 आवारा कुत्ते बीमार हालत में जमीन पर पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर तीनों कुत्ते मृत मिले। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि सुखविंदर सिंह नाम के व्यक्ति ने कुत्तों को कोई जहरीली चीज खिला दी थी। 21 मई 2026 को मनी सिंह आरोपी से बात करने उसके पास गए। सुखविंदर सिंह ने माना कि उसने जहरीला पदार्थ रखा था जिसे कुत्तों ने खा लिया और उनकी मौत हो गई। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने आरोपी सुखविंदर सिंह निवासी हुसैनपुरा के खिलाफ मुकदमा नंबर 82, दिनांक 22 मई 2026 को धारा 325 BNS और सेक्शन 11 एनिमल एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई जतिंदर सिंह कर रहे हैं।