थाना डेहलों के गांव शंकर के पास जीटी रोड़ पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मृतक का शव दो हिस्सों में बंट गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ममताज पत्नी केसर सिंह, निवासी मोहल्ला नूरा माही नगर, नजदीक बस अड्डा रायकोट, पुलिस जिला जगराओं ने बताया कि उनके पति केसर सिंह पुत्र जालम सिंह 21 मई 2026 की रात को रिश्तेदारी से अपनी स्प्लेंडर बाइक नंबर PB10GT-6653 से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव शंकर के पास नहर के नजदीक जीटी रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर ममताज अपने बेटे अजय के साथ मौके पर पहुंचीं तो देखा कि सड़क पर पति केसर सिंह का शव दो टुकड़ों में पड़ा था। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस संबंध में थाना डेहलों पुलिस ने मुकदमा नंबर 97 दिनांक 22 मई 2026 को धारा 281, 106, 324(4) BNS के तहत अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन की पहचान करने में जुटी है।